बिहार में श्रद्धा मर्डर केस जैसा खौफनाक कांड part 2, बोरे में मिला हाथ पैर , तालाब में सर।
बिहार के नालंदा में दिल्ली के श्रद्धा मर्डर केस जैसा खौफनाक कांड सामने आया है। ये जघन्य मामला नालंदा के नूरसराय इलाके का है। जहां एक शख्स की हत्या के बाद उसके शव के टुकड़े किए गए और फिर उसे नदी और तालाब में फेंक दिया गया। दो दिन पहले बोरी से कटे हुए हाथ-पैर मिलने केन बाद पूरा मामला सामने आया। जिसमें पुलिस ने जांच के बाद कई बड़े खुलासे किए हैं। इस हत्याकांड को भी वैसे ही अंजाम दिया गया जैसे आफताब ने श्रद्धा के शरीर के टुकड़े-टुकड़े करके दिया था।
प्रेम प्रसंग में हत्या के बाद शव के टुकड़े किए
पुलिस के मुताबिक, जिस लड़के का मर्डर किया गया और शव के टुकड़े किए गए उसकी पहचान हो गई है। पुनपुन नदी से मृतक का सिर और धड़ मिला है। इस मामले की जांच कर रही नूरसराय पुलिस ने एक दंपती को मर्डर केस में गिरफ्तार किया है। गुरुवार को नूरसराय थाना क्षेत्र के नारी छिलका के पास बोरे में बंद हाथ और पैर मिले थे। जिसके बाद रविवार को धड़ और सिर मिलने पर पुलिस ने मृतक के पहचान का दावा किया।
मृतक की पहचान सिलाव थाना क्षेत्र के नानंद गांव निवासी विकास चौधरी के तौर पर हुई है। विकास चौधरी के परिजनों ने युवक के लापता होने की रिपोर्ट सिलाव थाने में दर्ज कराई थी। हाथ में बंधे कंगन और कलाई में जले के निशान से उसकी पहचान की बात कही है। पुलिस ने जांच में नूरसराय थाना क्षेत्र के बाराखुर्द निवासी दम्पती रंजन कुमार और उसकी पत्नी ज्योति को हिरासत में लिया। उसकी निशानदेही पर सिपाह गांव स्थित पंचाने नदी से धड़ और फतुहा में पुनपुन नदी से सिर को बरामद किया गया।
मर्डर केस में पुलिस ने दंपति को पकड़ा
जानकारी के मुताबिक ज्योति का शादी से पहले विकास के साथ प्रेम संबंध था। ज्योति के मायके में विकास चौधरी किराए पर रहकर 10 साल पहले पढ़ाई करता था। तभी से दोनों के बीच प्रेम प्रसंग चल रहा था। इस बीच दोनों की शादी हो गई बावजूद इसके प्रेम संबंध कायम रहा। आरोप है कि बुधवार को उसने विकास को मिलने के लिए ससुराल बुलाया। इसी दौरान पति और अन्य लोगों के साथ मिलकर कुदाल से हमला किया। उसके शरीर के छह टुकड़े कर बेरहमी से उसकी हत्या कर दी। और फिर शव को ठिकाने लगाया गया।
वहीं इस मामले पर सदर डीएसपी शिब्ली नोमानी ने बताया कि कॉल डिटेल के आधार पर और पूछताछ में नूरसराय थाना क्षेत्र के बाराखुर्द निवासी रंजन कुमार और उसकी पत्नी ज्योति कुमारी को पकड़ा गया है। पूछताछ में यह पता चला कि कुदाल से काटकर हत्या की गई। शव को 6 हिस्सों में काट कर अलग-अलग जगहों पर बोरे में बंद कर फेंका गया था। कुछ और लोगों के भी इसमें शामिल होने की आशंका है। इस केस में जांच जारी है। उन्होंने बताया कि डीएनए जांच के बाद ही शव की सही पहचान हो सकेगी ।