पटना ज़िला प्रशासन ने BPSC छात्रों को उकसाने के आरोप में 21 नामजद और 600–700 अज्ञात लोगों पर दर्ज की प्राथमिकी
पटना: बिहार लोक सेवा आयोग (BPSC) के छात्रों को उकसाने और विधि व्यवस्था को भंग करने के आरोप में पटना ज़िला प्रशासन ने सख्त कदम उठाते हुए 21 नामजद और 600–700 अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है।
प्राथमिकी में शामिल प्रमुख नामों में जन सुराज पार्टी के अध्यक्ष मनोज भारती, कोचिंग संचालक रह्मांशु मिश्रा, निखिल मणि तिवारी, सुभाष कुमार ठाकुर, शुभम स्नेहिल, और राजनीतिक रणनीतिकार प्रशांत किशोर समेत उनके साथ मौजूद दो बाउंसर शामिल हैं। इसके अतिरिक्त आनंद मिश्रा, आर के मिश्रा (राकेश कुमार मिश्रा), विष्णु कुमार, और सुनामी कोचिंग के संचालक सुजीत कुमार का नाम भी प्राथमिकी में दर्ज है।
यह कार्रवाई प्रशासन द्वारा छात्रों को भड़काने और सरकारी कार्यों में बाधा डालने की घटनाओं के बाद की गई। पुलिस का दावा है कि इन लोगों ने छात्रों को प्रदर्शन के लिए उकसाया, जिससे शहर में कानून व्यवस्था की स्थिति प्रभावित हुई।
प्रशासन ने सभी आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी है। इस बीच, सोशल मीडिया पर इस कार्रवाई को लेकर चर्चाओं का दौर जारी है। समर्थकों और विरोधियों के बीच बहस तेज हो गई है।
अधिक जानकारी और अपडेट के लिए बने रहें।